तेजस क्रैश में शहीद नमांश को उनकी पायलट पत्नी की आखिरी विदाई


हिमाचल: दुबई एयर शो में क्रैश हुए फाइटर जेट तेजस के पायलट नमांश स्याल को रविवार को आखिरी विदाई दी गई. हिमाचल के कांगड़ा स्थित गांव में पायलट नमांश को पूरे सैन्य सम्मान के साथ आखिरी विदाई दी गई. इस दौरान उनकी पत्नी विंग कमांडर अफशां ने उनकी चिता को आखिरी सलामी दी. पति नमांश की चिता को सैल्यूट करती विंग कमांडर अफशां का वीडियो सामने आया है. जिसमें वो सैल्यूट देने के तुरंत बाद फूट-फूट कर रोने लगती हैं. उस दौरान अफशां के साथ-साथ वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गई.

पति की शहादत का गर्व और कभी न भरने वाला खालीपन
नमांश की पत्नी अफशां खुद भी विंग कमांडर हैं. उन्हें सेना की नौकरी और शहादत का मर्म अच्छे से पता है. लेकिन दूसरी ओर वो पत्नी भी हैं. जिसके चेहरे पर पति को खोने का दर्द भी साफ तौर पर दिखा. एक तरफ पति की शहादत पर गर्व, और दूसरी तरफ कभी ना भरने वाला खालीपन. अफसाना आज उसी दोराहे पर खड़ी नजर हैं.उनकी 7 साल की मासूम बेटी है, जिसे शायद अभी ठीक से ये भी नहीं पता कि उसके पिता अब कभी लौटकर उसे गोद में नहीं उठाएंगे. नमांश के पिता गगन कुमार खुद एक शिक्षक रहे हैं, कहते हैं कि ये दुख सिर्फ उनके परिवार का नहीं, पूरे देश का है. गांव में भी सन्नाटा पसरा है.मालूम हो कि दुबई एयर शो में तेजस क्रैश में नमांश शहीद हो गए थे. उनकी शहादत पर भारतीय वायु सेना के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स हैंडल से कहा गया कि भारतीय वायु सेना विंग कमांडर नमांश स्याल के दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त करती है, जिन्होंने दुबई एयर शो में हुए दुर्भाग्यपूर्ण तेजस विमान हादसे में अपनी जान गंवा दी.वायु सेना ने कहा कि एक समर्पित लड़ाकू पायलट और पूर्णतः पेशेवर, उन्होंने अटूट प्रतिबद्धता, असाधारण कौशल और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र की सेवा की. भारतीय वायु सेना इस गहन दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ एकजुटता से खड़ी है और उनके साहस, समर्पण और सम्मान की विरासत का सम्मान करती है. उनकी सेवा को कृतज्ञतापूर्वक याद किया जाए.हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से खेल एवं आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, नगरोटा बगवां से विधायक कैबिनेट रैंक रघुवीर सिंह बाली, शाहपुर से विधायक केवल पठानिया ने बलिदानी को श्रद्धांजलि दी। प्रशासन से उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी व सैकड़ों लोग भी अंतिम यात्रा में पहुंचे।बलिदानी नमांश स्याल का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस व प्रशासन की ओर से इसकी तैयारी की गई थी।



