टी20 वर्ल्ड कप 2026: न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदा, फिन एलेन के तूफानी शतक से फाइनल में एंट्री


कोलकाता : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। टीम की इस बड़ी जीत के हीरो ओपनर फिन एलेन रहे, जिन्होंने तूफानी शतक जड़कर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। टीम के लिए मार्को जानसन ने नाबाद 55 रन की अहम पारी खेली, जबकि डेवॉल्ड ब्रेविस ने 34 रन का योगदान दिया। हालांकि न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर स्कोर को ज्यादा बड़ा नहीं होने दिया। 170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। ओपनर फिन एलेन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में शतक पूरा कर दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक भी बन गया।एलेन ने अपनी पारी में कई चौके-छक्के जड़ते हुए दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनके साथ टिम सीफर्ट ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 58 रन बनाए। दोनों के बीच 117 रनों की बड़ी ओपनिंग साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

न्यूजीलैंड ने यह लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में हासिल कर लिया और 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा, जो भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले से तय होगा।



