टी. मुचिराय मुंडा नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 संपन्न, ग्रामीण खिलाड़ियों को मिला प्रतिभा दिखाने का मंच

खूंटी : टी. मुचिराय मुंडा नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का बुधवार रात समापन हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के साथ खेल प्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबले को लेकर दर्शकों में विशेष जोश रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति की सदस्य स्नेहलता कंडुलना, कविता कुमारी, अर्चना नाग और युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर स्नेहलता कंडुलना ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खेल से युवाओं में अनुशासन, आपसी भाईचारे और एकता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने की अपील की। वहीं, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा कि खूंटी जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि खिलाड़ियों को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले। उन्होंने कहा कि खेल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और समाज को एकजुट करने का भी माध्यम है।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में संयोजक समिति के सदस्य अरकम हुसैन, कन्हैया कुमार, शशिकांत सूर्या और तल्हा खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास और सहयोग से तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न हुई।


