काफिले पर हमले के बाद थाने में धरने पर बैठे सुवेंदु अधिकारी,


कोलकाता:पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर उनके काफिले पर हमले का आरोप लगाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार की हिंसा और मनमानी की संस्कृति से उत्साहित कायरों ने पुलिस की मौजूदगी में हमला किया. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग पर अधिकारी चंद्रकोना पुलिस स्टेशन में ही धरने पर बैठ गए. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इस कानूनविहिन तानाशाही से बेहतर की हकदार है.भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि हम न्याय के लिए यहां आए हैं, चुनाव नजदीक है. ये लोग हारने वाले हैं. ये भाजपा को खत्म करना चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी यूथ विंग प्रेसिडेंट और टीएमसी लेबर यूनियन लीडर वहां मौजूद थे, मैंने शामिल लोगों के नाम बता दिए हैं. साथ ही कहा कि एफआईआर दर्ज की जाए और इन लोगों को गिरफ्तार किया जाए.सुवेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि टीएमसी की बेचैनी दिख रही है। वे गुंडागर्दी पर उतर आए हैं क्योंकि वे लोगों के बढ़ते गुस्से का सामना नहीं कर सकते। मैं अभी चंद्रकोना पुलिस स्टेशन के अंदर धरने पर बैठा हूं। तुरंत कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग कर रहा हूं। बंगाल के लोग इस कानूनविहीन तानाशाही से बेहतर के हकदार हैं। जब तक जवाबदेही तय नहीं होती, मैं पीछे नहीं हटूंगा।इस बारे में मिदनापुर संगठनात्मक जिला तृणमूल के उपाध्यक्ष और शालबनी और गरबेटा विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी समन्वयक निर्मल घोष ने कहा कि यह उनका अंदरूनी मामला है। यह अशांति एक समूह संघर्ष के कारण हुई है। तृणमूल कार्यकर्ता इस सब में शामिल नहीं हैं। हम इस मामले को बिल्कुल भी महत्व नहीं दे रहे हैं।




