पंपू तालाब के पास 15 एकड़ सरकारी जमीन की मापी शुरू, 150 मकानों को नोटिस

धनबाद : शहर के पॉलीटेक्निक रोड स्थित पंपू तालाब के आसपास करीब 15 एकड़ सरकारी गैरआबाद जमीन की मापी और सीमांकन शुरू कर दिया गया है। धनबाद सीओ रामप्रवेश कुमार के नेतृत्व में सोमवार को पहुंची प्रशासनिक टीम ने सर्वे का काम शुरू किया। अब तक करीब 150 मकानों को चिह्नित किया गया है। सीओ के अनुसार, कार्मेल स्कूल समेत 150 मकान गैरआबाद जमीन पर बने हुए हैं। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद उन्हें एक सप्ताह के भीतर जमीन से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके बाद प्रशासन दस्तावेजों का सत्यापन करेगा और संबंधित पक्षों की सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पंपू तालाब के आसपास प्रस्तावित फोर लेन सड़क परियोजना को देखते हुए भी अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही है। इसी उद्देश्य से गैरआबाद जमीन की मापी कराई जा रही है। सीओ के मुताबिक, पॉलीटेक्निक क्षेत्र और रांगाटांड़ में सरकारी जमीन का चिह्नांकन पूरा कर लिया गया है। पांडरपाला में भी सरकारी जमीन चिह्नित की गई है। इस संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट रेलवे के डीआरएम को भेजी जाएगी, क्योंकि रेलवे को ही इस पर फैसला लेना है। वहीं, बारामुड़ी खटाल के मामले में सीओ ने बताया कि नोटिस जारी करने के बाद संबंधित लोगों को जवाब दाखिल करने का मौका दिया गया है।


