उरांव समाज की पैतृक संपत्ति पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, विरासत को लेकर स्थिति हुई साफ

रांची : उरांव जनजाति की पैतृक संपत्ति से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल किसी प्रथा का दावा कर देने से उत्तराधिकार का अधिकार नहीं मिल जाता। जिस पक्ष ने प्रथा का हवाला दिया है, उसी पर उसे प्रमाणित करने की जिम्मेदारी होगी। अदालत ने कहा कि यह साबित नहीं किया जा सका कि उरांव समाज में चाचा अपनी भांजी के पति को ‘घर दामाद’ बनाकर पैतृक संपत्ति का उत्तराधिकारी बना सकता है।


दूसरी ओर, यह स्वीकार किया गया कि उरांव समुदाय की मान्य परंपरा के अनुसार वास्तविक ससुर अपने घर दामाद को संपत्ति का अधिकार दे सकता है। पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालतों के फैसलों को निरस्त करते हुए वादी के पक्ष में निर्णय सुनाया और कहा कि किसी भी प्रचलित प्रथा को कानूनी मान्यता तभी मिलेगी, जब उसे ठोस प्रमाणों से सिद्ध किया जाए।


