राजकीय सम्मान के साथ सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई, 12 वर्षीय बेटे हर्ष ने दी मुखाग्नि

गिरिडीह : झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके 12 वर्षीय बेटे हर्ष कुमार ने मुखाग्नि देकर पिता को अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार स्थल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्रिमंडल के सहयोगी, सत्ता और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा हजारों समर्थक मौजूद रहे। अंतिम यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


अंतिम संस्कार के दौरान उस समय माहौल बेहद भावुक हो गया, जब 12 वर्षीय हर्ष कुमार ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। परिवार के सदस्यों ने भारी मन से अंतिम संस्कार की धार्मिक रस्में पूरी कीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा राज्य सरकार के कई मंत्री, जयराम महतो, पूर्व मंत्री सुदेश महतो समेत विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा के रास्ते में भी बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और आम नागरिक उनके अंतिम दर्शन के लिए मौजूद रहे।
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से उनके समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों में गहरा शोक है। अंतिम विदाई के दौरान हजारों लोगों की मौजूदगी रही और बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ जोड़कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार के साथ उनकी जीवन यात्रा समाप्त हुई, जबकि वहां मौजूद लोगों और समर्थकों ने उनके निधन को झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया।


