ड्रेस नहीं खरीदने पर छात्र का रजिस्ट्रेशन रोकने का आरोप, एआईएसएफ ने उपायुक्त से की जांच की मांग

जमशेदपुर : नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी में एक छात्र का रजिस्ट्रेशन रोकने और उसके परिजनों से बदसलूकी का आरोप लगा है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) झारखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश रजक ने आरोप लगाया है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने सिर्फ इसलिए छात्र का रजिस्ट्रेशन रोक दिया, क्योंकि उसने कॉलेज से तय ड्रेस नहीं खरीदी थी। संगठन का कहना है कि छात्र को संस्थान से निकालने की धमकी भी दी गई।


आरोप है कि जब छात्र के परिजन मामले पर बात करने यूनिवर्सिटी पहुंचे, तो वहां तैनात बाउंसरों ने कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया। इस घटना के बाद छात्र संगठन में नाराजगी है।
एआईएसएफ झारखंड ने जिले के उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मुकेश रजक ने मांग की है कि छात्र का रजिस्ट्रेशन तुरंत बहाल किया जाए, और परिजनों से दुर्व्यवहार करने वाले बाउंसरों तथा जिम्मेदार प्रबंधन पर कानूनी कार्रवाई हो।


