विद्यार्थियों को बाल अधिकार और पॉक्सो एक्ट की जानकारी, 70 बच्चों ने लिया हिस्सा

पटमदा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर सोमवार को पोखुरिया स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पीएलवी निताई चन्द्र गोराई ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, मुख्य अतिथि एलएडीसी रंजना पांडे ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।


रंजना पांडे ने बाल विवाह, बाल श्रम, गुड टच-बैड टच, पीड़ित मुआवजा योजना और पॉक्सो एक्ट से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में करीब 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया। ग्रामीणों को बताया गया कि निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए वे स्थानीय पीएलवी या जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान एक पीड़िता के घर जाकर उसे कानूनी सहायता के संबंध में परामर्श भी दिया गया। इस अवसर पर पीएलवी सुनीता झा, गीता रानी दास, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


