परीक्षा देने पहुंची छात्रा करंट की चपेट में, मौके पर मचा हड़कंप

जमशेदपुर : परसुडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज परिसर में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची एक स्नातक छात्रा बिजली के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई और बेहोश हो गई। घटना मल्टीपर्पस हॉल के पास हुई। कॉलेज प्रबंधन ने छात्रा को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया और छात्रों को मल्टीपर्पस हॉल की तरफ जाने से रोक दिया गया।एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डा. एके झा के अनुसार, मल्टीपर्पस हॉल के पास काफी पुराना बिजली का तार निकला हुआ है। उनका कहना है कि उस तार में करंट नहीं आता है और उसे हटाने के लिए पहले भी बिजली विभाग को आवेदन दिया जा चुका है। करीब छह महीने पहले भी इसी तार के संपर्क में आने से एक छात्र को करंट लगा था। कॉलेज प्रबंधन ने तार हटाने के लिए बिजली विभाग के वरीय पदाधिकारी से संपर्क किया है।




