जाम और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब सख्ती, पुलिस चलाएगी सघन चेकिंग अभियान

जमशेदपुर : शहर में बढ़ती जाम की समस्या और यातायात नियमों की अनदेखी पर अब पुलिस सख्ती की तैयारी में है। सावन मेला समेत विशेष ड्यूटी से पुलिस जवानों की वापसी शुरू हो गई है, जिससे यातायात थानों में बल बढ़ रहा है। जाम वाले चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात की जाएगी। बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर विशेष अभियान चलेगा। सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़ा कर रास्ता रोकने वालों पर जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई होगी। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय प्रमुख स्कूलों के पास भी अतिरिक्त बल लगाया जाएगा। ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिवासन ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नई कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

पिछले महीनों में एंटी क्राइम चेकिंग और देवघर के श्रावणी मेले में पुलिस बल की तैनाती के कारण यातायात थानों में जवानों की कमी हो गई थी। मेला समाप्त होने के बाद जवान लौटने लगे हैं और सभी यातायात थानों को बल देने की तैयारी है। इसी बीच जिला पुलिस को 40 नए बोलेरो वाहन मिले हैं, जिन्हें मंगलवार को गोलमुरी पुलिस लाइन से थाना और कंट्रोल रूम के लिए रवाना किया गया। एसएसपी डॉ. एहतशाम वकारिब ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। उन्होंने बताया कि पहले भी सरकार ने 51 नई बोलेरो और 89 बाइक दी थीं। नए वाहनों से पुलिस की गश्ती और तत्परता बढ़ेगी।


