22 साल की उम्र में IPS बनीं सृष्टि मिश्रा, UPSC में हासिल की 95वीं रैंक

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली सृष्टि मिश्रा ने दूसरे प्रयास में UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2023 पास कर ऑल इंडिया रैंक 95 हासिल की और IPS अधिकारी बनीं। उनकी स्कूली पढ़ाई ज्यादातर विदेशों में हुई। पिता आदर्श कुमार मिश्रा विदेश मंत्रालय में अंडर सेक्रेटरी हैं, जबकि मां बबीता मिश्रा गृहणी हैं। पिता की ट्रांसफरेबल नौकरी के कारण सृष्टि ने 4 वर्ष की उम्र से कई देशों की यात्रा की। उन्होंने डरबन (दक्षिण अफ्रीका), बेयरूत (लेबनान), स्विट्जरलैंड, किनशासा (कांगो) और कंबोडिया में पढ़ाई की, जबकि 10वीं कक्षा भारत में पढ़ी।


सृष्टि ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया। उच्च शिक्षा के दौरान वह फरीदाबाद में अपनी मौसी के घर पर रहीं। कॉलेज के पहले साल से ही उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू कर दी थी। पहले प्रयास में वह प्रीलिम्स पास नहीं कर पाईं, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने इकोनॉमिक्स को ऑप्शनल विषय चुनकर UPSC CSE 2023 में 95वीं रैंक हासिल की।
सृष्टि रोजाना 8-10 घंटे पढ़ाई करती थीं। उन्होंने GS के लिए कोई कोचिंग इंस्टीट्यूट ज्वाइन नहीं किया और सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया। 3-4 साल तक मानक किताबों का बार-बार रिवीजन किया। प्रीलिम्स के बाद उन्होंने लगभग 15 दिनों का ब्रेक लिया। मेन्स की तैयारी के लिए मिले लगभग 100 दिनों में 1 महीना ऑप्शनल और 2 महीने GS की तैयारी व रिवीजन में लगाए। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक मेन्स टेस्ट सीरीज भी हल कीं।


