मानगो की पेयजल, कचरा निस्तारण और जल निकासी की समस्या एक माह में दूर करें — उपायुक्त विधायक सरयू राय से मुलाकात में कई मुद्दों पर हुई गंभीर चर्चा, अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई के निर्देश


जमशेदपुर :- पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मानगो नगर निगम और जेएनएसी के उप नगर आयुक्त को एक माह के भीतर मानगो की पेयजल, कचरा निस्तारण और जल निकासी की समस्या को दूर करने का सख्त निर्देश दिया है। उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को भी सहयोग के निर्देश देते हुए कहा कि मानगो पेयजल परियोजना को विभाग से नगर निगम ग्रहण करे और एजेंसी के साथ बैठक कर बकाया भुगतान व संभावित व्यय का प्राक्कलन तैयार करे। साथ ही, इंटेक वेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सभी टंकियों के लिए पंप सेट खरीदने तथा क्षेत्र में बिछाई गई पाइपलाइनों से जुड़ी कमियों पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश भी दिए।

यह बैठक जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय, मानगो नगर निगम, जेएनएसी और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई। विधायक सरयू राय के अनुसार, बैठक में जेएनएसी क्षेत्र की बस्तियों में पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने और सिवरेज-ड्रेनेज सिस्टम को टाटा स्टील के सिस्टम से जोड़ने के लिए कंपनी व नगर निगम के संयुक्त सर्वे का भी निर्णय लिया गया।
सरयू राय ने मानगो नगर निगम और अक्षेस की समस्याओं पर चिंता जताते हुए प्रशासनिक शिथिलता को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कदमा और सोनारी में चल रही अवैध लॉटरी, मटका, सट्टा, जुआ और अवैध लोहा टाल की सूची उपायुक्त को सौंपी और इन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही, एनजीटी की रोक के बावजूद कदमा में खरकई नदी से हो रही बालू की अवैध निकासी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह पुलिस की जानकारी के बिना संभव नहीं है। विधायक ने कदमा व सोनारी के कई सामुदायिक भवनों पर अवैध कब्जे और वहां से हो रहे व्यवसाय का मामला भी उठाया। उपायुक्त ने सभी अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया और पुलिस की मिलीभगत की जांच कराने का आदेश दिया।



