हाईवे निर्माण स्थल पर मिट्टी धंसने से 6 मजदूरों की मौत, विधायक ने जताया शोक


पोटका : हरियाणा के पिवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे के निर्माणाधीन स्थल पर बुधवार को खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में पोटका प्रखंड के जादूगोड़ा क्षेत्र के बनगोड़ा गांव के चार मजदूर और ईचागड़ा क्षेत्र के दो मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं. हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत मजदूरों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं मृतक परिवारों के साथ हैं.
विधायक संजीव सरदार ने मृतकों के परिजनों को राहत दिलाने के लिए झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद से मुलाकात की. इस दौरान ईचागढ़ की विधायक सविता महतो भी मौजूद रहीं. उन्होंने मांग की कि मृत मजदूरों के पार्थिव शरीर को जल्द उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए और जिस कंपनी में वे काम कर रहे थे उससे परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाए. साथ ही राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि भी जल्द उपलब्ध कराने की मांग की गई है.



