सुपारी देकर सिकंदर शर्मा की हत्या का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, महिला फरार

कोवाली : कोवाली थाना क्षेत्र के बानाकाटा स्थित महाकाल ढाबा के समीप एनएच-220 किनारे झाड़ियों में मिले सिकंदर शर्मा (30) के शव के मामले का पुलिस ने छह दिनों के भीतर खुलासा किया है। पुलिस जांच के अनुसार हत्या के पीछे प्रेम संबंध, पारिवारिक विवाद और सुपारी की साजिश सामने आई है। पांच आरोपियों में मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया, जबकि विभा देवी फरार है। पुलिस ने दो लोहे के स्क्वायर एंगल, सुपारी के लिए दिए गए 20 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और खून के नमूने समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। सिकंदर का शव एक सितंबर को झाड़ियों में मिला था और पास में उसकी मोटरसाइकिल खड़ी थी। मृतक के बड़े भाई जितेंद्र शर्मा ने कोवाली थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया था।


पुलिस जांच में पता चला कि सिकंदर शर्मा का बागबेड़ा निवासी विभा देवी के साथ प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी उसके पति मिंटू साव को होने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। पुलिस के अनुसार मिंटू साव और विभा देवी ने सिकंदर की हत्या की योजना बनाई और मिंटू ने बड़ा बागलता निवासी सुंदर दास को 1.80 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी, जिसमें 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए। सुंदर दास ने आकाश दास और इच्छापुर, आरआईटी थाना क्षेत्र निवासी परसुराम दास को भी योजना में शामिल किया। जांच के मुताबिक 31 अगस्त को विभा देवी सिकंदर के साथ बाइक से निकली और बानाकाटा महाकाल ढाबा के पास टायलेट जाने का बहाना बनाकर बाइक रुकवाई। इसी दौरान मारुति कार (जेएच-05डीएच-4751) से पहुंचे चार आरोपियों ने लोहे के स्क्वायर एंगल से सिकंदर के सिर पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव झाड़ियों में फेंककर मोटरसाइकिल सड़क किनारे गिरा दी गई ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल फोन, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस चार आरोपियों तक पहुंची। पुलिस के अनुसार मिंटू साव और फरार विभा देवी पूर्व में भी पोटका थाना क्षेत्र में जुगसलाई के एक युवक की हत्या के मामले में जेल जा चुके हैं, जिसमें भी प्रेम संबंध, विवाद और हत्या की कड़ी सामने आई थी। मामले के खुलासे में कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, सब इंस्पेक्टर सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार एवं अजंता महतो, सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। विभा देवी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


