रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा सख्त, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

जमशेदपुर : भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 16 जुलाई को निकलने वाली रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।


रथ यात्रा मार्ग पर मजबूत बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। सुरक्षा के लिए थ्री-लेयर सिक्योरिटी व्यवस्था के साथ क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), बड़ी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। पूरे मार्ग और प्रमुख आयोजन स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रथ यात्रा मार्ग पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम, पेयजल, मोबाइल शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने बिजली विभाग को भी यात्रा मार्ग पर लटकते तारों को दुरुस्त करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा है।


