सरायकेला अंचल का दुगनी तहसील कचहरी जर्जर


सरायकेला: सरायकेला अंचल अंतर्गत दुगनी में स्थित तहसील कचहरी की जर्जर स्थिति ने स्थानीय लोगों के बीच चिंता की लहर पैदा कर दी है। कई वर्ष पहले जनता की सुविधा हेतु स्थापित इस कचहरी का उपयोग आज तक नही हो पाया है। लावारिस स्थिति में पड़ी यह भवन अब धीरे-धीरे जर्जर हो रहा है और इसके अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि अगर इस तहसील कचहरी में नियमित रूप से आंचल कर्मचारी उपस्थित होकर कार्य करते तो जमीन संबंधित मामलों में जनता को काफी राहत मिलती। वर्तमान में लोगों को जमीन संबंधित कामों के लिए आंचल मुख्यालय या अन्य दूरदराज के स्थानों पर जाना पड़ता है जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।
तहसील कचहरी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निवासियों को उनकी जमीन संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान करना था। परंतु वर्तमान स्थिति में यह उद्देश्य पूरी तरह विफल होता दिख रहा है। लोगों का कहना है कि सरकारी लापरवाही और अस्थाई समाधान के अभाव में यह इमारत अब सिर्फ एक बेकार ढांचा बनकर रह गई है।
दुगनी के निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि इस तहसील कचहरी को पुनः संचालित किया जाए और इसमें नियमित कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इससे न केवल लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों ने यह भी मांग की है कि कचहरी की मरम्मत कर इसे सुरक्षित और कार्यशील बनाया जाए ताकि सरकारी संपत्ति का सही उपयोग हो सके और जनता को उनके घर के पास ही आवश्यक सेवाएं मिल सकें।


