नीट पेपर लीक मामले में संजीव मुखिया को राहत, CBI जांच में नहीं मिला ठोस सबूत

पटना : नीट-यूजी 2024 पेपर लीक मामले में कथित आरोपी संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया को बड़ी राहत मिली है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच के दौरान उसके खिलाफ पेपर चोरी या लीक पेपर बांटने से जुड़े कोई ठोस सबूत नहीं मिलने की बात कही है। एजेंसी ने उन दावों को गलत बताया है, जिनमें कहा जा रहा था कि चार्जशीट से नाम हटने का कारण जांच में कमी रही।CBI के अनुसार, जांच में नीट-यूजी 2024 प्रश्नपत्र चोरी और उसके प्रसार से जुड़े लोगों की पहचान की गई है। संजीव मुखिया से पूछताछ जरूर की गई थी, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण उसे चार्जशीट में शामिल नहीं किया गया। इससे पहले बिहार पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्रवाई में उसका नाम चर्चा में आया था।

नीट पेपर लीक मामले में संजीव मुखिया का नाम लंबे समय तक सुर्खियों में रहा था और उसे कथित तौर पर मामले से जुड़े नेटवर्क का अहम हिस्सा बताया गया था। हालांकि, CBI की जांच में उसके खिलाफ आरोप साबित करने लायक साक्ष्य नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है।


