35वें वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी के सांस्कृतिक संध्या में राजा डांस अकादमी ने बांधा समां


जमशेदपुर :- 35वीं वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या रंग, ऊर्जा और उल्लास से भर उठी, जब मानगो जमशेदपुर की राजा डांस अकादमी ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजा डांस अकादमी के कलाकार इससे पूर्व इंडियाज़ गॉट टैलेंट (सोनी टीवी), डांस प्लस (स्टार प्लस) एवं हुनरबाज़ (कलर्स टीवी) जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
इस भव्य प्रस्तुति में 100 से अधिक बालक एवं बालिकाओं ने भाग लिया और अनुशासित प्रशिक्षण, सामूहिक तालमेल तथा भावपूर्ण अभिव्यक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। दर्शकों के लिए प्रस्तुत नृत्य फूलों की थीम पर आधारित थी। जिसमें मुख्य रूप से तारे गिन गिन, ले फोटो, बम भोले, संबलपुरी मिक्स, सिंघम, बॉलीवुड मिक्स, मारिया मारिया जैसे गाने पर प्रस्तुति दी गई। पुष्प प्रदर्शनी की भावना से प्रेरित फूलों की थीम पर नृत्य ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इसके बाद शास्त्रीय, लोक, भक्तिमय एवं आधुनिक नृत्य शैलियों का सुंदर संगम भी देखने को मिला। संबलपुरी मिक्स ने भारतीय लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को दर्शाया, वहीं सिंघम और बॉलीवुड मिक्स पर दर्शकों की तालियों की गूंज पूरे परिसर में सुनाई दी। बम भोले की भक्तिमय प्रस्तुति और मारिया मारिया की जोशीली धुनों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
राजा डांस अकादमी की यह प्रस्तुति युवा प्रतिभा, कला साधना और सृजनात्मकता का उत्सव रही, जिसने पुष्प प्रदर्शनी के उत्सवी वातावरण को और भी जीवंत कर दिया। यह सांस्कृतिक संध्या न केवल मनोरंजन का माध्यम बनी, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का समापन दर्शकों की जोरदार तालियों और सराहना के साथ हुआ।




