झारखंड में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 40-50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं

रांची : झारखंड में अगले चार दिनों तक बारिश और गरज-वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, धनबाद और बोकारो समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। बुधवार शाम धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, 8 अक्टूबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन जारी रहने और कहीं-कहीं वज्रपात तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 9-10 अक्टूबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गर्जन हो सकता है। 11 अक्टूबर से मौसम साफ होने की संभावना है। इसके बाद राज्य में तापमान गिरने से हल्की ठंड का एहसास होने लगेगा। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए वज्रपात का अलर्ट भी जारी किया है।
बीते 24 घंटे के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। धनबाद के तोपचांची में सर्वाधिक 113.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नवाडीह में 108.4 मिमी, बाघमारा में 103.0 मिमी, तिलैया में 55.4 मिमी, तिलैया डीवीसी में 52.4 मिमी, नंदाडीह में 44.4 मिमी, पंचेत डीवीसी में 44.0 मिमी, कोनर डीवीसी में 41.8 मिमी, निमडीह में 39.8 मिमी और जमशेदपुर एयरो में 34.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, रांची के कांके क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई।


