जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के कुंज नगर धोबी लाइन निवासी संतोष कुमार के घर में शनिवार को पूजा के दौरान जलाया गया दीपक अचानक बड़ी घटना की वजह बन गया। दीपक से कमरे में आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से टीवी समेत कई घरेलू सामान जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।