सरहुल महोत्सव की तैयारी तेज, 21 मार्च को बिरसा मंदिर मैदान में भव्य आयोजन


जमशेदपुर : आदिवासी मुंडा समाज केंद्रीय समिति की ओर से 21 मार्च को शाम 4 बजे पुराना सीतारामडेरा स्थित बिरसा मंदिर मैदान में सरहुल महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हुई है और समाज के लोगों को इसमें शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है।

समिति के अध्यक्ष नंदलाल पातर के नेतृत्व में सदस्यों ने क्षेत्र के विधायक सुखराम उरांव, नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव और झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य रामलाल मुंडा को इस महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। आयोजन समिति का कहना है कि इस पर्व को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा।
महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगे। अतिथियों को आमंत्रण देने के दौरान समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें कृष्णा सांडिल, संतोष सामंत, रामू सांडिल, विनोद शंख, रघुनाथ मुंडा, मनोज नाग और अर्जुन मुंडा शामिल थे।



