रात की गश्त में सोते मिले पुलिसकर्मी, एसएसपी की औचक जांच में 7 निलंबित


जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण और रात्रि गश्त की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार देर रात एसएसपी पीयूष पांडेय स्वयं सड़कों पर उतरे। औचक निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान मरीन ड्राइव पर तैनात पीसीआर-11 में पदस्थापित एएसआई रौशन गुड़िया, हवलदार नंदलाल मुंडा और चालक हरेंद्र कुमार वाहन खड़ा कर सोते पाए गए। इसी तरह स्टेशन चौक पर पीसीआर-9 में तैनात एएसआई संजय इंदुवार भी ड्यूटी के दौरान सोते हुए मिले।
इसके अलावा जुगसलाई थाना क्षेत्र के गश्ती वाहन में तैनात दारोगा तिर्की और हवलदार कृष्णा रजक को भी ड्यूटी के समय सोते हुए पाया गया। ड्यूटी में घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सभी सात पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर लाइन क्लोज कर दिया। वहीं होमगार्ड चालक हरेंद्र कुमार को भी विभाग से क्लोज किया गया है।
एसएसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का मानना है कि यह कदम पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क और कर्तव्यनिष्ठ रहने का स्पष्ट संदेश देता है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में शहर में रात्रि अपराधों में बढ़ोतरी देखी गई है। टेल्को थाना क्षेत्र में हाल ही में हत्या की दो घटनाएं सामने आई हैं, जबकि कई इलाकों में चोरी की वारदातों में भी इजाफा हुआ है। ऐसे में एसएसपी का यह औचक निरीक्षण और कार्रवाई कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



