दिल्ली, मुंबई से बेंगलुरु तक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी


नई दिल्ली: नए साल 2026 का आगाज होने वाला है। नए साल के जश्न में जहां पूरा देश डूबा होगा, वहीं सुरक्षा बलों के ऊपर देश में कानून व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। दिल्ली के व्यस्त इलाकों में हजारों सुरक्षा बल कड़ी निगरानी रखेंगे, वहीं बेंगलुरु के अधिकारियों ने नशे में धुत हुए लोगों को ड्रॉप-ऑफ की सुविधा देने की घोषणा की है।नए साल के मौके पर देश की राजधानी में तीन हजार सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। दिल्ली में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए 50 से ज्यादा चेक प्वाइंट्स बनाए गए हैं। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच करने के लिए भी सभी इंतजाम किए हैं।मुंबई पुलिस ने नए साल के मौके पर पूरे शहर में 17,000 से ज्यादा सुरक्षा बलों को तैनात किया है। शहर में कई जगहों पर नए साल पर भारी भीड़ उमड़ सकती है। गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, बांद्रा और जुहू में आज बुधवार, 31 दिसंबर की शाम से ही जश्न का माहौल बना रहेगा।कर्नाटक सरकार ने नए साल जश्न के दौरान ज्यादा नशे में धुत लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने का एलान किया है। इसके साथ ही लोगों के नशे का असर उतरने तक आराम करने के लिए 15 स्थान भी निर्धारित किए गए हैं, जहां इन लोगों को साधारण अवस्था में आने तक सुरक्षित रखा जाएगा। बेंगलुरु में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए 20,000 पुलिस बल तैनात किए गए हैं, जिसमें महिला स्क्वाड भी शामिल हैं।




