गैस टैंकर का नॉब टूटते ही मचा हड़कंप, तेज रिसाव से मरीन ड्राइव पर रोकी गई आवाजाही

जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर मंगलवार की रात करीब 12 बजे एलपीजी से भरे एचपी गैस टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चालक के अनुसार, वह साकची कोर्ट मोड़ से टैंकर लेकर मरीन ड्राइव होते हुए आदित्यपुर जा रहा था। दोमुहानी के पास एक माल लदे ट्रेलर ने बायीं तरफ से ओवरटेक किया। इसी दौरान ट्रेलर टैंकर के नॉब से टकरा गया और नॉब टूटने के बाद तेजी से एलपीजी बाहर निकलने लगी। कुछ ही देर में आसपास का क्षेत्र गैस की चपेट में आ गया।


सूचना मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक्सएलआरआई के पास मरीन ड्राइव की एक सड़क को ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर मरीन ड्राइव के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी और लोगों को टैंकर के पास जाने से भी प्रतिबंधित कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टाटा स्टील और झारखंड अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और बड़ा हादसा टल गया। रातभर मरीन ड्राइव पर सुरक्षा व्यवस्था कायम रही और वाहनों को डायवर्ट कर निकाला गया।


