ब्रेन मलेरिया से हड़कंप, 4 बच्चों की मौत के बाद 100 डॉक्टरों की टीम तैनात, स्वास्थ्य विभाग सख्त



जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप गंभीर रूप लेता जा रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए करीब 100 डॉक्टरों की टीम को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया है। हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन ने निगरानी और इलाज व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।


जानकारी के अनुसार, पिछले चार दिनों में ब्रेन मलेरिया से 4 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 45 से अधिक मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए मेडिकल टीमें गांव-गांव जाकर जांच और स्क्रीनिंग कर रही हैं। मरीजों को तुरंत इलाज और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग और जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और गंभीर मामलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि संक्रमण पर नियंत्रण के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर कड़ी निगरानी जारी है।


