सात महीने से मजदूरी नहीं मिलने पर 100 से अधिक मजदूरों का धरना, लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त

चाकुलिया (जमशेदपुर) : वन विभाग के निर्माणाधीन इकोलॉजिकल डायवर्सिटी पार्क में काम करने वाले 100 से अधिक मजदूरों ने सात महीने से मजदूरी नहीं मिलने के विरोध में शुक्रवार को वन विभाग कार्यालय में धरना दिया। सुबह करीब 10 बजे पहुंचे मजदूरों ने कार्यालय में मौजूद वन कर्मियों को बाहर जाने से रोक दिया। मजदूरों के अनुसार, 20 मार्च के बाद से उन्हें भुगतान नहीं मिला है और प्रत्येक मजदूर का करीब 50 हजार से 70 हजार रुपये बकाया है। उनकी दैनिक मजदूरी 468 रुपये है। सूचना मिलने पर डीएफओ सबा आलम अंसारी ने फोन पर 26 अक्टूबर तक भुगतान कराने का आश्वासन दिया, लेकिन मजदूरों ने पुराने अनुभवों का हवाला देकर लिखित आश्वासन की मांग की। करीब सात घंटे बाद शाम पांच बजे वनपाल संतोषील घोष ने लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।


मजदूरों का कहना है कि भुगतान नहीं मिलने से परिवार चलाना, बच्चों की पढ़ाई और दुर्गा पूजा की तैयारी करना मुश्किल हो गया है। महिला मजदूर जया पातर ने बताया कि वह चाकुलिया में किराये के मकान में रहती हैं और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण पति उनके साथ नहीं रहते। आर्थिक परेशानी में उन्होंने अपना एंड्राइड मोबाइल करीब छह हजार रुपये में बेच दिया, लेकिन वह रकम भी खत्म हो चुकी है। बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही है। मजदूर सुजय बेहरा ने बताया कि उनके दो बच्चे चाकुलिया के मॉडल कॉन्वेंट हाई स्कूल में पढ़ते हैं और फीस जमा करने के लिए स्कूल से लगातार सूचना मिल रही है। वहीं, दिनेश गोप ने परिवार चलाने के लिए 30 हजार रुपये कर्ज लेने की बात कही। कर्ज देने वाले ने दुर्गा पूजा से पहले रकम लौटाने को कहा था, लेकिन मजदूरी नहीं मिलने से वह भुगतान नहीं कर पा रहे हैं।
मजदूरों ने वन विभाग पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पार्क में करोड़ों रुपये की लागत से कॉटेज बनाने वाले ठेकेदारों और उनके मजदूरों को भुगतान किया जा रहा है, जबकि विभाग के अधीन काम करने वालों की मजदूरी सात महीने से लंबित है। मजदूरों ने स्पष्ट किया कि 26 अक्टूबर तक पूरा बकाया मिलने के बाद ही वे काम पर लौटेंगे और तब तक पार्क का निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। भुगतान नहीं होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी गई है। धरने के दौरान प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, झामुमो प्रखंड सचिव बलराम महतो और कृति सुंदर महतो समेत कई लोग मजदूरों के समर्थन में मौजूद रहे। चाकुलिया पुलिस भी मजदूरों को समझाने पहुंची।


