पीएम आवास के 100 से ज्यादा लाभुक फिर मिले सरयू राय से, फिर सुनाया अपना दुखड़ा

0
Advertisements

जमशेदपुर। बिरसानगर पीएम आवास के 100 से ज्यादा लाभार्थी आज फिर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मिले। इन लोगों ने सरयू राय से आग्रह किया कि 31 मई तक इनके नाम से अलॉटेड फ्लैट की चाबी दिलवा दें। श्री राय ने उन्हें बताया कि वह लगातार इस मुद्दे पर लगे हुए हैं। उन्होंने लोगों के सामने ही नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से फोन पर बात की और लाभुकों को फ्लैट की चाबी देने का आग्रह किया। इस पर श्री राय से मंत्री ने कहा कि उन्हें उनका वादा याद है लेकिन इसे इंची-टेप लेकर नहीं नापना चाहिए। 10-15 दिन आगे-पीछे हो सकता है। हम लोगों को चाबी दिलवाएं, यह हमारी प्राथमिकता में है। इस पर श्री राय ने कहा कि अगर आप 31 मई तक चाबी नहीं दिलवाएंगे तो वह (सरयू राय) अनशन पर बैठेंगे। इस पर श्री सोनू ने कहा कि एक काम को प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिली है। जैसे ही वह मिल जाएगी, काम और तेजी से होने लगेगा।
गौरतलब है कि 25 दिन पहले भी लाभुकों के समक्ष ही श्री राय ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू से बात की थी। मंत्री ने वायदा किया था कि एक माह के भीतर सभी को चाबी दिलवा देंगे। आज श्री राय ने फिर से सुदिव्य कुमार सोनू को उनका वायदा याद दिलाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर 31 मई तक चाबी नहीं मिली तो वह 1 जून को पूर्व में घोषित कार्यक्रम के मुताबिक डीसी ऑफिस के सामने अनशन पर बैठेंगे।
सरयू राय ने बताया कि पीएम आवास के दो ब्लॉक तैयार हैं। उनमें ड्रेनेज नहीं बना है। जेएनएसी ने पिछली बार कहा था कि एक माह में ड्रेनेज तैयार हो जाएगा। मंगलवार को इस बारे में जब श्री राय ने जेएनएसी से बात की तो पता चला कि एक ड्रेनेज बन कर तैयार है। दूसरे में 15 दिन का वक्त और लगेगा।
श्री राय ने बताया कि जुडको के लोग उनके पास आए थे। जुडको को सड़क बनानी थी। जुडको के लोगों ने बताया कि टाटा स्टील का स्लैग रखा हुआ है। तब तक उसे गड्ढों में भर कर चलने लायक बनाया गया है। सड़क का एस्टीमेट विभागीय सचिव के पास गया हुआ है। जैसे ही इसकी प्रशासनिक स्वीकृति हो जाएगी, वैसे ही स्थायी सड़क बना दी जाएगी। फिलहाल जुडको ने छाई भर कर सड़क बना दी है। सरयू राय बुधवार की सुबह वहां जाएंगे और चीजों को देखेंगे।
सरयू राय ने बताया कि बिजली को लेकर दो तरह की बातें सामने आई हैं। बिजली विभाग का कहना है कि 192 लोगों के घरों में मीटर लग चुके हैं। उधर लाभार्थियों का कहना है कि मात्र 85 लोगों के घरों में मीटर लगा है। श्री राय कल वहां पहुंच कर तथ्यों की सम्यक जानकारी लेंगे।
श्री राय ने बताया कि इस संबंध में अन्य कई विसंगतियां भी सामने आ रही हैं। ऐसी भी सूचना मिल रही हैं कि जिनका पहले से मकान है, उन्हें भी फ्लैट आवंटित कर दिया गया है, जबकि यह योजना तो बेघरों के लिए है।
सरयू राय ने बताया कि अभी उनका पूरा फोकस इस बात को लेकर है कि लाभुकों को जल्द से जल्द चाबी मिल जाए क्योंकि उन पर बैंक के कर्ज का बोझ तो है ही, किराया देने की भी समस्या है।
उन्होंने कहा कि इस बीच वह मंत्री से एक बार फिर बात करेंगे और उनसे कहेंगे कि कोई तारीख तय करें ताकि लाभुकों को चाबी दी जा सके। अगर 31 मई तक चाबी नहीं मिलती है तो एक जून को डीसी ऑफिस के सामने वह अनशन पर तो बैठेंगे ही।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements
https://bashisthaonline.in

About The Author

Thanks for your Feedback!

You may have missed