एक हफ्ते में प्याज का भाव दोगुना, 50 रुपये किलो पहुंची कीमत






जमशेदपुर : शहर के खुदरा बाजार में प्याज की कीमत अचानक बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि एक सप्ताह पहले यही प्याज 25 से 30 रुपये किलो बिक रहा था। कीमतों में तेजी की बड़ी वजह परसुडीह स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति में प्याज की आवक घटना है। सामान्य दिनों में नासिक और आसपास के क्षेत्रों से रोज करीब 7 से 8 गाड़ियां यानी लगभग 400 टन प्याज पहुंचता था, जो अब घटकर केवल दो ट्रक यानी करीब 50 टन रह गया है।


आवक कम होने से मंडी में थोक भाव 44 से 45 रुपये किलो तक पहुंच गया है। नासिक मंडी में ही प्याज 35 से 38 रुपये किलो मिल रहा है और परिवहन के बाद स्थानीय मंडी तक इसकी लागत बढ़ जाती है। व्यापारियों के अनुसार अगस्त-सितंबर में पुराने रबी प्याज का स्टॉक कम होने लगता है, जबकि नई खरीफ फसल आने में अभी समय है। नासिक क्षेत्र में खरीफ प्याज की बुआई में देरी ने भी दबाव बढ़ाया है। थोक विक्रेता अनिल मंडल का कहना है कि आवक सामान्य होने तक कीमतों में राहत मिलना मुश्किल है।


