धमाके से पहले मस्जिद गया था उमर उन नबी,CCTV में दिखा चेहरा


दिल्ली: दिल्ली में लाल किला के बाहर आत्मघाती हमला करने वाला जैश-ए-मोहम्मद आतंकी डॉक्टर उमर नबी हमला करने वाले दिन ही तुर्कमान गेट स्थित दरगाह फैज-ए-इलाही भी गया था। पुलिस को वहां का उमर का सीसीटीवी मिला है। जिससे पुलिस टीम वहां जांच करने पहुंची है। पुलिस यह पता लगा रही है कि वह वहां मस्जिद भी गया था या नहीं।लाल किला के पास आई-20 कार में धमाका करने वाला जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी डॉ. उमर निजामुद्दीन दरगाह में भी आधा घंटा रुका था। पुलिस को निजामुद्दीन दरगाह का भी एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इसमें वह दरगाह में जाते हुए दिखा है। करीब आधा घंटा बाद वह बाहर निकला है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वह दरगाह में मत्था टेकने गया था, या फिर वहां किसी से उसकी मुलाकात हुई है।इसके अलावा यह भी जानकारी सामने आई है कि डॉ. उमर सुनहरी मस्जिद की पार्किंग में कार खड़ी कर तीन घंटे तक बैठा रहा। उसकी कार पार्किंग के पिछले हिस्से में जाते हुए और आते हुए सीसीटीवी कैमरे में देखी गई है। लेकिन, उसने जहां कार को पार्क किया, वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उमर पहले भी सुनहरी मस्जिद की पार्किंग आया है।

वहीं, जांच एजेंसियां अब यह पता करने की कोशिश कर रही हैं कि उमर इससे पहले कब और कितनी बार पार्किंग में आया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि पार्किंग के प्रवेश व निकासी द्वार के अलावा अंदर पार्किंग एरिया में 10 से 12 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जांच मे सामने आया है कि सोमवार दोपहर 3.19 बजे वह कार लेकर अकेले अंदर गया था और शाम 6.25 बजे बाहर निकला। इस बीच वह कार में अकेला ही दिखाई दिया।
सूत्रों ने यह भी बताया है कि इस ग्रुप में 2 से 4 सदस्यों के लिए उमर ने सिग्नल ऐप भी बनाया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लाल किला के नजदीक धमाका करने से पहले आतंकी उमर एक मस्जिद में भी गया था। वह वहां करीब 10 मिनट से ज्यादा वक्त तक रुका था, जिसके बाद लाल किले की तरफ चला गया। 10 नवंबर की शाम करीब 7 बजे उमर ने अपने समेत पूरी गाड़ी को उड़ा दिया। ब्लास्ट उस समय हुआ, जब भारी ट्रैफिक था। इस कारण उमर की गाड़ी में हुए धमाके ने आसपास के कई वाहनों को चपेट में ले लिया। इस आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर अब तक 12 हो गई है।



