एम्बुलेंस में ऑक्सीजन नहीं, रास्ते में टायर भी फटा… अस्पताल पहुंचने से पहले बुजुर्ग की मौत, लापरवाही पर सवाल






पटमदा : पूर्वी सिंहभूम के पटमदा प्रखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई। जोड़सा निवासी 65 वर्षीय संतोष कुंभकार की तबीयत बिगड़ने पर शनिवार दोपहर करीब 1:50 बजे 108 एंबुलेंस से माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि करीब 10 किलोमीटर की जर्जर सड़क पर सफर के दौरान मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन एंबुलेंस में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं था। इसी बीच रास्ते में एंबुलेंस का टायर भी फट गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही संतोष कुंभकार की मौत हो गई।


घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि एंबुलेंस में ऑक्सीजन की समुचित व्यवस्था होती और वाहन तकनीकी रूप से पूरी तरह फिट होता, तो संभव है कि मरीज की जान बच सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की है। इस घटना के बाद 108 एंबुलेंस सेवा, वाहनों के रखरखाव और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
माचा सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन रांची स्थित मुख्यालय से किया जाता है। उन्होंने कहा कि संबंधित एंबुलेंस दो दिन पहले ही मरम्मत के बाद सीएचसी भेजी गई थी, लेकिन इस घटना से यह स्पष्ट है कि सेवा व्यवस्था में अभी भी सुधार की आवश्यकता है।


