एनआईटी के बीओजी अध्यक्ष सुनील अलघ ने कहा – “रैंकिंग सुधार और बेहतर प्लेसमेंट रहेगी मेरी प्राथमिकता”


Saraikela/Jamshedpur :- राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में गुरुवार को शासी निकाय (BOG) के नव नियुक्त अध्यक्ष सुनील अलघ का भव्य स्वागत किया गया। संस्थान परिसर में लगे ‘स्वागतम’ बैनर और समारोहिक कार्यक्रमों के माध्यम से अलघ का अभिनंदन किया गया।

एनआईटी के डायमंड जुबली हॉल में आयोजित एक विशेष पत्रकार वार्ता में श्री अलघ ने अपने विजन को स्पष्ट रूप से साझा किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता संस्थान की राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार लाना और छात्रों को बेहतर प्लेसमेंट के अवसर दिलाना है।
उन्होंने कहा, “मैं टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट नहीं हूं, लेकिन मुझे उद्योग जगत का लंबा अनुभव है। अब इस अनुभव को एनआईटी जैसे तकनीकी संस्थान के उत्थान में लगाने का समय है।”
श्री अलघ ने बताया कि कॉलेज के छात्रों को आईआईटी जैसी प्लेसमेंट सुविधा मिल सके, इसके लिए एक व्यावहारिक एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अधिक से अधिक औद्योगिक इकाइयों को संस्थान से जोड़ा जाएगा, ताकि छात्र केवल डिग्री नहीं बल्कि प्रतिष्ठित रोजगार अवसरों के साथ बाहर निकलें।
उन्होंने कहा कि संस्थान की तकनीकी दक्षता को बढ़ाने, इंडस्ट्री लिंकएज को मजबूत करने, और करियर फ्रेंडली वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा। इस मौके पर एनआईटी के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, रजिस्ट्रार कर्नल निशीथ राय सहित अन्य अधिकारी और संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता का माहौल देखने को मिला।



