पीएम किसान की किस्त चालू कराने के नाम पर 9 किसानों के खाते खुलवाने का आरोप

घाटशिला : पीएम किसान सम्मान निधि योजना की रुकी हुई किस्त चालू कराने के नाम पर सिरिशबनी के नौ किसानों के बिना जानकारी फिनो बैंक में खाते खोले जाने का मामला सामने आया है. शुक्रवार को नाराज किसान ग्राम प्रधान बुद्धेश्वर सोरेन और मुखिया मानसिंह हेंब्रम के नेतृत्व में घाटशिला थाना पहुंचे और पुलिस से शिकायत की. किसानों ने फिनो बैंक के खाते बंद कर पीएम किसान की राशि पहले से संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों में भेजने की मांग की.


ग्राम प्रधान बुद्धेश्वर सोरेन के अनुसार, जादूगोड़ा के इचड़ा निवासी धर्मेंद्र भकत समेत दो सीएससी संचालक गांव पहुंचे थे. उन्होंने नौ किसानों की पीएम किसान किस्त रुकी होने की बात कहकर ई-केवाइसी के नाम पर तीन से चार बार बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट लिए. आरोप है कि इसी प्रक्रिया के दौरान किसानों को जानकारी दिए बिना फिनो बैंक में नए खाते खोल दिए गए. किसानों का कहना है कि फिनो बैंक की शाखा जमशेदपुर में होने के कारण उन्हें लेन-देन में परेशानी होगी.
थाने में हुई बातचीत के दौरान सीएससी संचालकों ने दो दिनों के भीतर सभी खातों की पासबुक प्रिंट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. प्रभावित किसानों में चंद्राय सोरेन, लखन सोरेन, रामदास सोरेन, दुलाल चंद्र सोरेन, बास्ता सोरेन, सुखदा सोरेन, छीता सोरेन और बहादुर हांसदा शामिल हैं. थाना प्रभारी भूषण कुमार ने बताया कि पूछताछ में सीएससी संचालकों ने दावा किया कि किसानों की राशि चालू कराने में मदद के उद्देश्य से खाते खोले गए थे, हालांकि इसकी पूर्व सूचना किसानों को नहीं दी गयी थी. उन्होंने बताया कि खातों में आयी राशि सुरक्षित है और लाभुकों की ही है. मौके पर काला चंद पाल, श्रीमंतों पाल व विजय सिंह आदि मौजूद थे.


