चक्रवात ‘मोंथा’ को लेकर एनडीआरएफ की बड़ी तैयारी, छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 26 टीमें तैनात


नई दिल्ली : चक्रवात मोंथा के संभावित खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुल 26 टीमों को तैनात किया है। इनमें आंध्र प्रदेश में 12 टीमों और ओडिशा में 6 टीमों की तैनाती की गई है। इसके अलावा तमिलनाडु, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी में भी एनडीआरएफ की टीमें सक्रिय हैं।

मीडिया से बातचीत में एनडीआरएफ कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया कि बल चक्रवात के गठन के साथ ही अलर्ट पर है और भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी बुलेटिन्स पर लगातार नज़र रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए करीब 19 टीमों को रिजर्व में रखा गया है।
कमांडेंट ने कहा कि एनडीआरएफ की टीमें पूरी तरह से तैयार हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों के लिए समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि चक्रवात से जनहानि को रोका जा सके।



