साकची स्थित शीतला माता मंदिर में होगा नवकुंज नवाह श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ, 26 जून से 5 जुलाई तक होगा नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान, निकलेगी भव्य कलश यात्रा


जमशेदपुर। धर्मनगरी जमशेदपुर एक बार फिर एक भव्य धार्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। साकची स्थित प्राचीन श्री शीतला माता मंदिर परिसर में दिनांक 26 जून से 5 जुलाई 2025 तक नवकुंज नवाह श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री 1008 जगद्गुरु रामानुजाचार्य विश्वकेतुश्री त्रिविक्रम स्वामी जी महाराज और श्री जियर स्वामी जी की कृपा से संपन्न हो रहा है।

आयोजकों ने जानकारी दी कि यह यज्ञ श्री शीतला माता के सान्निध्य में पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। यज्ञ की शुरुआत 26 जून, गुरुवार को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक भव्य कलश यात्रा के साथ होगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर मंदिर प्रांगण में पहुंचेगी। उसी दिन पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश एवं वेदी निर्माण होगा।
27 जून से प्रतिदिन यज्ञ, प्रवचन और संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हवन क्रिया संपन्न होगी तथा सायं 6:30 बजे से भजन-संध्या और प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। देशभर से आमंत्रित विद्वान वेदपाठी, आचार्य और कलाकार इस अनुष्ठान में भाग लेंगे।
4 जुलाई को विशेष आकर्षण के रूप में निकलेगी रथ यात्रा, जिसमें भगवान श्री लक्ष्मी नारायण की विग्रह प्रतिमा नगर भ्रमण पर निकलेगी। रात्रि में विशेष संगीतमय संध्या का आयोजन किया जाएगा।
5 जुलाई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ इस नवाह यज्ञ का समापन होगा। आयोजन के आचार्य पंडित रामराज पांडेय एवं राकेश उपाध्याय होंगे। आयोजन समिति में पं. आनंद पांडेय (वरिष्ठ पुजारी, शीतला माता मंदिर), रमेश चंद्र उपाध्याय, राम स्वरूप उपाध्याय सहित दर्जनों सेवाभावी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
शहरवासियों से अपील की गई है कि वे इस पुण्य अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें और यज्ञ के पुण्यफल के सहभागी बनें।



