हत्याकांड के आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

केंदुआ/धनबाद : राम प्रताप प्रसाद हत्याकांड के आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे को मंगलवार देर शाम मैथन से गिरफ्तार करने के बाद हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10.30 बजे टुंडी प्रखंड के मनियाडीह में आरोपी ने एक एएसआइ की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई। इस कार्रवाई में मनियाडीह थाना प्रभारी अकबर खान, गोंदूडीह ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी और उनकी टीम शामिल थी।

जानकारी के अनुसार, गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के नौ नंबर खरीकाबाद निवासी मीना देवी ने करीब तीन माह पहले अपने पति राम प्रताप प्रसाद के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। राम प्रताप अपनी पत्नी को वर्द्धमान स्थित मामा के घर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। जांच के दौरान पुलिस को सुभाष पल्ली, दुर्गापुर निवासी शंकर डे के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद गुप्त सूचना पर मैथन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर गोंदूडीह पुलिस को सौंप दिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने बस्ताकोला निवासी आटा मिलकर्मी उमेश यादव से छह हजार रुपये की लूट और उसकी हत्या में शामिल होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, शंकर डे ने बताया कि वह राम प्रताप के साथ लूट में शामिल था और बाद में पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसी विवाद में राम प्रताप की गोली मारकर हत्या करने और शव मनियाडीह इलाके में फेंकने की बात आरोपी ने बताई। उसने इसी इलाके में हथियार छिपाने की जानकारी भी दी थी, जिसके आधार पर पुलिस उसे बरामदगी के लिए ले गई थी।
पुलिस अब आरोपी के बयान और दोनों हत्याकांडों से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है। गोंदूडीह ओपी में दर्ज कांड संख्या 74/26 और 56/26 में भी शंकर डे की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, उसका नाम पहले बिहारी लाल चौधरी हत्याकांड में भी सामने आया था। इसके अलावा कृष्णाकांत सिंह गैंग से उसके कथित संबंधों की भी जांच की जा रही है।


