नगरपालिका चुनाव 2026: सरायकेला में मतदान दल का तृतीय चरण प्रशिक्षण संपन्न, प्रेक्षक व ADC ने किया निरीक्षण


सरायकेला : नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को लेकर एन.आर. उच्च विद्यालय, सरायकेला में जिला स्तरीय मतदान दल का तृतीय चरण प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण में आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ मतदान पदाधिकारियों ने पार्टीवार भाग लिया। प्रत्येक दल को अलग-अलग बुलाकर मतदान प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान पेटी के संचालन, सीलिंग प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों के संधारण और अभिलेखीकरण का व्यवहारिक प्रदर्शन कराया गया। डमी प्रपत्रों को सही तरीके से भरने का अभ्यास भी कराया गया।
पहले और दूसरे चरण में बची शंकाओं का समाधान इस चरण में किया गया। पीठासीन पदाधिकारी सहित सभी मतदान कर्मियों को मतदान से पहले, मतदान के दौरान और मतदान के बाद अपनाई जाने वाली सावधानियों की पुनरावृत्ति कराई गई।
इस अवसर पर आदित्यपुर के सामान्य प्रेक्षक और अपर उपायुक्त सह वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग जयवर्धन कुमार ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे कर्मियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली।
प्रशिक्षण व्यवस्था पर संतोष जताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी सभी पहलुओं की गहन समझ विकसित की जाए। किसी भी प्रकार की शंका हो तो प्रशिक्षण सत्र में ही उसका समाधान किया जाए।
साथ ही उन्होंने मतदान कार्य को पूरी तत्परता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ संपादित करने पर बल दिया।



