दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सांसद जोबा मांझी ने किया उद्घाटन, कहा दुग्धा श्मशान काली मंदिर मैदान का होगा जीर्णोद्धार


गम्हरिया : दुग्धा में दो दिवसीय मनोज मेमोरियल क्रिकेट ट्रॉफी टूर्नामेंट का उदघाटन बतौर मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने की। उन्होंने कहा कि दुग्धा स्थित श्मशान काली मंदिर के मैदान का जीर्णोद्धार का प्रयास किया जाएगा। वन विभाग की जमीन पर स्थित इस विशाल मैदान को क्षेत्र के खिलाड़ियों के धरोहर के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही ग्रामीणों के साथ मिलकर बैठक आयोजित की जाएगी। इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि कोई भी खेल हार-जीत का नहीं, बल्कि चुनौती का डटकर मुकाबला करने के लिए होता है। खेल से ही जीवन में आगे बढ़ने एवं लक्ष्य पाने की सीख हमें मिलती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन से छिपी प्रतिभा का उजागर होता है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी धोनी की तरह क्रिकेट के क्षेत्र में आगे आने की खिलाड़ियों से अपील की। इस अवसर पर केपी सोरेन ने कहा कि झारखंड में खेल की आत्मा छिपी है। यहां के बच्चे फुटबॉल, तीरंदाजी, क्रिकेट, खोखो समेत कई खेलो में विश्व में अपनी पहचान बना चुके हैं। इससे पूर्व सांसद ने दिवंगत खिलाड़ी स्व मनोज प्रधान की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात आयोजक एमबीएस के सदस्यों ने सांसद को फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। मौके पर सांसद जोबा माझी ने दुर्गा इंटर और बजरंग वारियर्स के बीच सेमीफाइनल मुकाबला शुरू होने से पूर्व दोनों टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और सिक्का उछाल टॉस किया। इस मैच में दुर्गा इंटरप्राईजेज की टीम विजयी होकर फाइनल में प्रवेश कर गई। टूर्नामेंट का फाइनल सह पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को आयोजित होगा। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि सह वरिष्ठ समाजसेवी केपी सोरेन, मांझी बाबा दिकू टुडू, बबलू प्रधान, देवाशीष प्रधान, रामाय मांझी, सुदामा प्रधान, प्रकाश प्रधान, दशरथ प्रधान, झूलन दास, रोहित प्रमाणिक, राजू प्रधान उपस्थित थे।




