देहरादून हत्याकांड में बड़ा खुलासा तय! गैंगस्टर अखिलेश सिंह के मेंटर विक्रम शर्मा केस में शूटर गिरफ्तार


जमशेदपुर : जमशेदपुर के गैंगस्टर अखिलेश सिंह के आपराधिक गुरु माने जाने वाले विक्रम शर्मा की देहरादून में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी प्रगति की है। सूत्रों के अनुसार, हत्या में शामिल सभी शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साजिशकर्ता को भी हिरासत में लेने की खबर है, हालांकि पुलिस आधिकारिक तौर पर अभी कुछ कहने से बच रही है।

इस हत्याकांड की निगरानी देहरादून के नवनियुक्त एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल खुद कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस जल्द अपने मिशन में कामयाब होगी, लेकिन फिलहाल खुलासा करने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस ने सिल्वर सिटी मॉल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। जांच के दौरान मानगो निवासी प्रभात नामक व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। बताया जाता है कि विक्रम शर्मा और प्रभात के बीच पहले विवाद रहा था।
मृतक के भाई अरविंद शर्मा से भी पूछताछ की गई है। पुलिस के अनुसार, अभी तक उनकी सीधी संलिप्तता के पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिन शूटरों की पहचान हुई है उनमें बागबेड़ा का आकाश प्रसाद, विशाल सिंह और जुगसलाई निवासी आशुतोष कुमार शामिल हैं। दावा किया जा रहा है कि हत्या के बाद ये सभी उत्तर प्रदेश की ओर भाग गए थे। पुलिस टीम ने बनारस में दबिश देकर विशाल और आशुतोष को गिरफ्तार किया है।
इस मामले को सुलझाने के लिए झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि आने वाले 24 से 48 घंटे में पुलिस आधिकारिक खुलासा कर सकती है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुपारी किलरों को हत्या की सुपारी किसने दी। क्या इसके पीछे प्रभात, अरविंद शर्मा या कोई अन्य विरोधी गैंगस्टर है, इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।



