गोलमुरी फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी रवि खेड़ा ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण



जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाड़ाबासा में हुई फायरिंग की घटना के मुख्य आरोपी और क्षेत्र के कुख्यात अपराधी रविंद्र सिंह उर्फ रवि खेड़ा ने मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने जमशेदपुर सिविल जज विश्वनाथ उरांव की अदालत में सरेंडर किया।

न्यायालय में आत्मसमर्पण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोर्ट के आदेश पर रवि खेड़ा को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस को इस मामले में इसे एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, क्योंकि घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व गोलमुरी थाना क्षेत्र में लोचन नामक व्यक्ति पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस जानलेवा हमले में रवि खेड़ा का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी और संभावित कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही थी।
पुलिस कार्रवाई के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने अंततः अदालत की शरण लेना उचित समझा और आत्मसमर्पण कर दिया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रविंद्र सिंह उर्फ रवि खेड़ा पर गोलमुरी थाना के अलावा शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमला और रंगदारी जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं।


