जैक इंटर परीक्षा में महुआडांड़ का शानदार जलवा, बेटियों ने आर्ट्स-कॉमर्स तो बेटों ने साइंस में लहराया परचम

0
Advertisements
Advertisements

महुआडांड़ (लातेहार) : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में महुआडांड़ प्रखंड के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। इस बार आर्ट्स और कॉमर्स संकाय में संत तेरेसा गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, वहीं साइंस संकाय में संत जोसेफ प्लस टू विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता का नया इतिहास रच दिया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों और अभिभावकों के साथ मिठाइयां बांटकर अपनी सफलता का जश्न मनाया।आर्ट्स संकाय में संत तेरेसा गर्ल्स स्कूल की छात्रा अंजली कांसी एवं एडलीन टोप्पो ने 81.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रखंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं रुबिला कुजूर और कमला कुमारी ने 78.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। दीप्ति खाखा ने 78.6 प्रतिशत अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए विद्यालय का मान बढ़ाया।कॉमर्स संकाय में भी संत तेरेसा गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रा रौशनी आरा ने 83.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रखंड में प्रथम स्थान तथा पूरे जिले में दूसरा स्थान हासिल किया वहीं साक्षी केशरी ने 80.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रखंड में दूसरा और जिले में पांचवां स्थान प्राप्त किया। पूनम कुमारी ने 79.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रखंड में तीसरा स्थान हासिल किया।वहीं साइंस संकाय में संत जोसेफ प्लस टू विद्यालय के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। विद्यालय के छात्र आदित्य कुजूर ने 89.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रखंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। सिद्धार्थ राज ने 86.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा तथा प्रिंस केशरी ने 85.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।विद्यालयों के समग्र परीक्षा परिणाम ने भी सभी को गौरवान्वित किया। संत तेरेसा गर्ल्स स्कूल में आर्ट्स और कॉमर्स संकाय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि साइंस संकाय में 76 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं। दूसरी ओर संत जोसेफ प्लस टू विद्यालय का परिणाम भी अत्यंत सराहनीय रहा। आर्ट्स संकाय में 302 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 171 प्रथम श्रेणी और 131 द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। कॉमर्स संकाय में सभी 28 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की, जिनमें 24 प्रथम श्रेणी एवं 4 द्वितीय श्रेणी में रहे। साइंस संकाय का परिणाम भी संतोषजनक रहा।इस शानदार उपलब्धि पर संत तेरेसा गर्ल्स स्कूल की प्राचार्या सिस्टर प्रभा ने छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। वहीं संत जोसेफ प्लस टू विद्यालय के प्राचार्य फादर दिलीप एक्का ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली पहचान है।महुआडांड़ के इन होनहार विद्यार्थियों की सफलता ने पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल बना दिया है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed