भारी बारिश से उफान पर लोध फॉल, लकड़ी के पुल पर आवाजाही बंद; नियम तोड़ा तो ₹1000 जुर्माना






लातेहार : जिले में स्थित झारखंड के सबसे ऊंचे जलप्रपात लोध फॉल में भारी बारिश के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया है। तेज जलप्रवाह और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर लकड़ी के पुल पर पर्यटकों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी है। यह निर्णय पलामू व्याघ्र परियोजना के दक्षिणी प्रमंडल के उप निदेशक के आदेश पर लिया गया है। बढ़े जलस्तर के बावजूद बड़ी संख्या में पर्यटक जलप्रपात का नजारा देखने पहुंच रहे हैं।


वन विभाग ने मौके पर चेतावनी वाला साइन बोर्ड भी लगाया है। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने या निर्देशों का उल्लंघन करने पर 1000 रुपये का आर्थिक दंड और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। विभाग के मुताबिक तेज जलप्रवाह के कारण लकड़ी के पुल और आसपास के हिस्सों में जाना दुर्घटना का कारण बन सकता है। अधिकारियों ने पर्यटकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और जलस्तर सामान्य होने तक सावधानी बरतने की अपील की है।


