पाइपलाइन बिछाते वक्त करंट लगने से मजदूर की मौत, बचाने पहुंचे साथी भी झुलसा






जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम एक मजदूर के लिए जानलेवा साबित हुआ। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे डिमना स्थित जयपाल कॉलोनी के श्री श्री मनोकामना शिव दुर्गा मंदिर के पास पीएचईडी की ओर से पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान करंट लगने से 50 वर्षीय मजदूर चेतन यादव की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे एक अन्य मजदूर अर्जुन यादव भी बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चेतन यादव पाइप उठा रहे थे, उसी समय गड्ढे में जमा पानी को मोटर की सहायता से बाहर निकाला जा रहा था। आशंका है कि मोटर के बिजली केबल से करंट पानी में फैल गया, जिससे चेतन यादव उसकी चपेट में आ गए। उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के पेशाम गांव के निवासी थे। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।




