खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं खरकई और स्वर्णरेखा, कई इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी
Oplus_16908288

जमशेदपुर : शहर में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ओडिशा के डैम का फाटक खोले जाने के बाद खरकई और स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। खरकई नदी खतरे के निशान से करीब 4.30 मीटर ऊपर बह रही है, जबकि मानगो के पास स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.30 मीटर ऊपर पहुंच गया है। दूसरी ओर, चांडिल के सभी 13 फाटक और गालूडीह बराज के सभी फाटक खोल दिए गए हैं। डैमों के फाटक खुलने के बाद नदियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।


शाम 4 बजे जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी का जलस्तर 133.30 मीटर पहुंच चुका है। यहां खतरे का निशान 129 मीटर है और नदी उससे 4.30 मीटर ऊपर बह रही है। वहीं, मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 122.80 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 121.50 मीटर है। इस तरह स्वर्णरेखा भी खतरे के निशान से 1.30 मीटर ऊपर बह रही है।
लगातार बारिश के कारण डैम और नदियां लबालब हैं तथा निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर रहा है। बागबेड़ा, मानगो, कदमा और सोनारी समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस चुका है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।


