करीम सिटी कॉलेज के छात्रों ने प्रेमचंद की “गोदान” पर किया शानदार नाटक प्रस्तुति


जमशेदपुर: करीम सिटी कॉलेज के विद्यार्थियों ने महान उपन्यासकार मुंशी प्रेमचंद के अमर उपन्यास “गोदान” पर आधारित नाटक का बेहद प्रभावशाली मंचन किया है। यह कार्यक्रम माइकल जॉन ऑडिटोरियम, बिष्टुपुर में आयोजित किया गया, जिसमें दर्शकों ने छात्रों के अभिनय को खूब सराहा।इस नाटक से ग्रामीण भारत की सामाजिक और आर्थिक सच्चाइयों को जीवंत तरीके से पेश किया गया। मंचन के माध्यम से किसान जीवन की पीड़ा, शोषण, पारिवारिक संघर्ष और मानवीय मूल्यों को बड़ी संवेदनशीलता के साथ दिखाया गया।मुख्य पात्र होरी की भूमिका में राकेश पलाई ने शानदार अभिनय किया, जिसे दर्शकों ने तालियों से सराहा। धनिया के रूप में रिंकी जयसवाल ने एक मजबूत ग्रामीण महिला की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से निभाया।अन्य कलाकारों ने भी अपनी भूमिकाओं को पूरी भावभंगिमा के साथ प्रस्तुत किया। रितेश प्रधान ने दातादीन, रौनक रौशन ने गोबर, केया महतो ने झुनिया, हरनीत बावा ने सोना, आशीष महतो ने भोला, राहुल सोरेन ने हीरा तथा रितिन कुमार ने सोभा का किरदार निभाया। सभी कलाकारों के अभिनय और प्रस्तुतिकरण को दर्शकों ने प्रभावशाली बताया।नाटक के संवाद, मंच सज्जा और पात्रों की प्रस्तुति ने प्रेमचंद के साहित्य की आत्मा को मंच पर जीवंत कर दिया। दर्शक दीर्घा में बैठे साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कलाकारों को देखते हुए बार-बार तालियों से उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने कलाकारों के उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में साहित्य के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




