जुगसलाई नगर परिषद चुनाव: डॉली मल्लिक ने भव्य पदयात्रा के साथ किया नामांकन, महिलाओं की दिखी मजबूत भागीदारी


जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी और सेवा ही लक्ष्य संस्था की उपाध्यक्ष डॉली मल्लिक ने मंगलवार को भव्य पदयात्रा के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। यह पदयात्रा जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित प्रदीप मिश्रा चौक से शुरू होकर जुगसलाई फाटक तक निकाली गई।

पदयात्रा के दौरान डॉली मल्लिक ने देवतुल्य जनता से आशीर्वाद लिया और इसके बाद नामांकन स्थल पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पूरे मार्ग में समर्थकों का उत्साह देखने लायक था।
इस पदयात्रा में महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे माहौल पूरी तरह जोश और समर्थन से भरा नजर आया। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और जीत का आशीर्वाद दिया।
नामांकन के दौरान डॉली मल्लिक ने कहा कि वे पिछले करीब 15 वर्षों से जुगसलाई क्षेत्र में लगातार जनसेवा के कार्यों से जुड़ी रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता का जो स्नेह और समर्थन उन्हें मिल रहा है, वह उनकी सेवा का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार जुगसलाई की जनता विकास, स्वच्छता और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें विजयी बनाएगी। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा भी दिलाया।
इस मौके पर राजेंद्र मेहता, दिनेश जयसवाल, मानिक मल्लिक, सोमा सिंह, सोनी, ममता, विक्की सोनकर, निक्कु सिंह, प्रतीक, मोनु, संतोष सिंह, राहुल, उषा सिंह, संजु देवी सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।



