विधायक के खिलाफ कथित तौर पर गलत बयान दिलवाने के आरोप में पत्रकार अभिषेक भारती गिरफ्तार, जमशेदपुर के बिष्टुपुर से हुई गिरफ्तारी, दिलीप तिर्की के बाद अभिषेक भारती पर भी पुलिस का शिकंजा…

जमशेदपुर/सिमडेगा:- सिमडेगा विधायक से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। इस मामले में वांछित पत्रकार अभिषेक भारती को पाकरटांड पुलिस ने बुधवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पाकरटांड थाना में कांड संख्या 25/26, दिनांक 13 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इससे पहले पुलिस इस मामले में दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के साथ ही इस प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में आ गई है।


मामले की पृष्ठभूमि सिमडेगा विधायक पर एक 14 वर्षीय किशोरी द्वारा लगाए गए कथित दुष्कर्म के आरोप से जुड़ी है। इसी प्रकरण में किशोरी के दादा ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि पत्रकार अभिषेक भारती और दिलीप तिर्की ने किशोरी का अपहरण कर विधायक के खिलाफ जबरन गलत बयान दिलवाने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। इसी सिलसिले में दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
विवादों से भी जुड़ता रहा है नाम
अभिषेक भारती का नाम पूर्व में भी विभिन्न विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। अधिकारियों और अन्य लोगों पर दबाव बनाने तथा पत्रकारिता की आड़ में कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग करने जैसे आरोप भी उस पर लगाए जाते रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विवाद और कुछ पत्रकारों के साथ टकराव की बातें भी सामने आती रही हैं।
फिलहाल विधायक से जुड़े मामले में गिरफ्तारी के बाद अभिषेक भारती की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों को अभी साबित होना बाकी है और मामले में अंतिम फैसला न्यायालय द्वारा ही किया जाएगा।


