झारखंड में 2027 में मिलेंगी 41 सरकारी छुट्टियां, सभी सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद

रांची : झारखंड कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी छुट्टियों की अधिसूचना जारी कर दी है। राज्य में अगले साल कुल 41 सरकारी अवकाश घोषित किए गए हैं। अधिसूचना के अनुसार, कार्यपालक आदेश के तहत राज्य सरकार के सभी कार्यालय और राजस्व कार्यालय बंद रहेंगे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के आदेश से जारी अधिसूचना में बैंकों की वार्षिक लेखा बंदी के अवकाश का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, यह अवकाश सरकारी अधिष्ठानों और कार्यालयों पर लागू नहीं होगा।

कार्यपालक आदेश के तहत 18 छुट्टियां घोषित की गई हैं। इनमें 12 और 13 जनवरी को सोहराय, 14 जनवरी को मकर संक्रांति, 23 जनवरी को सुभाष चंद्र बोस जयंती, 11 फरवरी को बसंत पंचमी, 20 फरवरी को संत रविदास जयंती, 10 अप्रैल को सरहुल/फुलखोंसी, 1 मई को मजदूर दिवस, 30 जून को हूल दिवस, 5 जुलाई को रथ यात्रा, 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस, 17 अगस्त को रक्षाबंधन, 4 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा, 1 अक्तूबर को शारदीय नवरात्र/कलश स्थापना, 6 अक्तूबर को दशहरा/महासप्तमी, 30 अक्तूबर को गोवर्धन पूजा और 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस शामिल हैं।
इसके अलावा एनआई एक्ट 1881 के तहत 23 राजपत्रित अवकाश घोषित किए गए हैं। इनमें 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 22 मार्च को होलिका दहन, 23 मार्च को होली, 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 9 अप्रैल को सरहुल, 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को रामनवमी, 19 अप्रैल को महावीर जयंती, 17 मई को ईद-उल-जुहा, 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा एवं पंडित रघुनाथ मुर्मू जयंती, 16 जून को मुहर्रम, 25 अगस्त को जन्माष्टमी, 11 सितंबर को करमा पूजा, 2 अक्तूबर को गांधी जयंती, 7 और 8 अक्तूबर को महाअष्टमी और महानवमी, 9 अक्तूबर को विजयादशमी, 29 अक्तूबर को दीपावली, 4 और 5 नवंबर को छठ तथा 25 दिसंबर को क्रिसमस शामिल हैं। मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियों की तारीख चांद दिखने के अनुसार बदल सकती है। स्वतंत्रता दिवस, ईद-ए-मिलाद, गुरुनानक जयंती, करमा पूजा/फुलखोंसी और भैया दूज/चित्रगुप्त पूजा रविवार को पड़ने के कारण अलग अवकाश घोषित नहीं किया गया है। सचिवालय और संलग्न कार्यालयों में पांच दिवसीय तथा क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी।


