झारखंड पवेलियन में उमड़ी भीड़, हस्तशिल्प उत्पादों पर मिल रही 30% तक छूट

रांची : भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आइआइटीएफ)-2026 के अंतिम दिनों में भी झारखंड पवेलियन में आगंतुकों की भीड़ जुट रही है। यहां पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और मिट्टी के बर्तन बनाने की लाइव प्रस्तुति लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। माटी कला बोर्ड की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में कारीगर चाक पर मिट्टी को आकार देकर पारंपरिक तकनीक से बर्तन और आकर्षक कलाकृतियां तैयार कर रहे हैं। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। हस्तकरघा व हस्तशिल्प विभाग की निदेशक प्रीति रानी ने भी इस प्रस्तुति में हिस्सा लिया।


मेले के समापन से पहले झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष छूट दी जा रही है। कई स्टॉलों पर चयनित उत्पादों की खरीदारी पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध है। इससे आगंतुक झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक वस्तुओं को कम कीमतों पर खरीद पा रहे हैं। मेले के अंतिम दिनों में भी यहां की पारंपरिक कला, संस्कृति और स्थानीय कारीगरों के हुनर को देखने तथा खरीदारी करने के लिए लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है।


