झारखंड में बिजली शिकायतों के निपटारे के लिए 4 अधिकारी नियुक्त होंगे

रांची : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निपटारे की व्यवस्था मजबूत करने के लिए विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम (वीयूएसएनएफ) में द्वितीय सदस्य के चार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है। ये नियुक्तियां रांची, चाईबासा, दुमका और हजारीबाग के फोरम के लिए होंगी। इन सदस्यों की नियुक्ति से बिजली बिल में गड़बड़ी, गलत बिलिंग और बिजली आपूर्ति एवं वितरण से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई और निपटारे में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित मंच उपलब्ध होगा।

जेबीवीएनएल के विज्ञापन के अनुसार, आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की उम्र एक अगस्त 2026 को न्यूनतम 45 वर्ष और अधिकतम 62 वर्ष होनी चाहिए। तकनीकी क्षेत्र के उम्मीदवारों के पास इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन अथवा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स में डिग्री के साथ बिजली के ट्रांसमिशन, वितरण और ट्रेडिंग क्षेत्र में कम से कम 20 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है। उन्हें कम से कम अधीक्षण अभियंता, उप महाप्रबंधक (डीजीएम) या समकक्ष पद पर कार्य करने का अनुभव होना चाहिए। वित्तीय क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए सीए, आईसीडब्ल्यूए या एमबीए (फाइनेंस) की योग्यता और सरकारी विभाग अथवा वाणिज्यिक सार्वजनिक उपक्रम में लेखा एवं वित्त क्षेत्र में 20 वर्षों का अनुभव निर्धारित किया गया है।
चयनित सदस्यों का शुरुआती कार्यकाल तीन वर्षों का होगा, जिसे संतोषजनक कार्य के आधार पर दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, नियुक्ति अधिकतम 65 वर्ष की उम्र तक ही रहेगी। आवेदन के साथ शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता, उम्र, अनुभव, सेवा संबंधी दस्तावेज और पिछले कम से कम पांच वर्षों की एसीआर/एपीएआर की अद्यतन प्रतियां जमा करनी होंगी। इन नियुक्तियों से उपभोक्ताओं को गलत बिलिंग, बिजली बिल संबंधी विवाद और वितरण व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर फोरम में शिकायत दर्ज कराने तथा सुनवाई का अवसर मिलेगा।


